Trending News
Home » Blog » कश्मीर का मुस्लिम युवक बना ‘निशांत सहारन’! फर्जी आर्मी अफसर बन हिसार की लड़की को फसाया, जाने पूरा मामला

कश्मीर का मुस्लिम युवक बना ‘निशांत सहारन’! फर्जी आर्मी अफसर बन हिसार की लड़की को फसाया, जाने पूरा मामला

हिसार के थाना आजाद नगर पुलिस ने ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ठगी करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था।

युवक जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवनीपुरा गांव का रहने वाला है

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान मेहरराज उद दिन हजाम के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवनीपुरा गांव का रहने वाला है। उसने एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर “निशांत सहारन” नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर खुद को आर्मी ऑफिसर बताया।

आरोपी ने हिसार की एक युवती से संपर्क कर शादी का झांसा दिया और भरोसा जीतकर उससे करीब 30 हजार रुपये ठग लिए। अपनी बात को विश्वसनीय बनाने के लिए उसने चंडीगढ़ से सेना की वर्दी भी खरीदी थी, ताकि लोगों को उसकी पहचान पर शक न हो।

पूछताछ में उसने गलती से अपना असली नाम बता दिया

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 3 अप्रैल को आरोपी अंबाला-हिसार मार्ग से गुजर रहा था। कैथल पुलिस द्वारा तितरम मोड़ पर की गई नियमित चेकिंग के दौरान उसे रोका गया। पूछताछ में उसने गलती से अपना असली नाम बता दिया, जिससे पुलिस को शक हुआ। इसके बाद जांच में पूरा मामला सामने आ गया और पीड़िता के परिजनों ने उसकी पहचान भी कर ली।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले चंडीगढ़ में वेटर का काम करता था, लेकिन काम न मिलने के कारण उसने ठगी का रास्ता अपना लिया। फिलहाल उसके खिलाफ थाना आजाद नगर, हिसार में केस दर्ज कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने और कितने लोगों को इस तरह निशाना बनाया है।

साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन वैवाहिक साइट्स पर किसी भी व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें और बिना पुष्टि के पैसे या निजी जानकारी साझा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *