हरियाणा के मशहूर हरियाणवी गायक Masoom Sharma को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। झज्जर जिले की सरपंच एसोसिएशन ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है। एसोसिएशन का साफ कहना है कि जब तक वे सरपंचों से माफी नहीं मांगते, तब तक उन्हें झज्जर में किसी भी तरह का सांस्कृतिक या संगीत कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा पर एक पूर्व सरपंच के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने का मामला
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में जींद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा पर एक पूर्व सरपंच के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने और सरपंच, विधायक तथा मंत्री जैसे जनप्रतिनिधियों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगे हैं। इन आरोपों के बाद स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों में रोष देखा जा रहा है।
पूरे हरियाणा में भी विरोध दर्ज होगा ।
झज्जर सरपंच एसोसिएशन के प्रधान बलवान सिंह ने कहा कि यह मुद्दा केवल एक जिले तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने संकेत दिया कि प्रदेश स्तर की कमेटी से चर्चा कर पूरे हरियाणा में भी विरोध दर्ज कराया जा सकता है। उनका कहना है कि निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा मामला गंभीर है और इसे हल्के में नहीं लिया जाएगा।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।


