Trending News
Home » Blog » कैथल में इंसानियत शर्मसार ! 7-8 महीने का भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी, पुलिस ने जांच की शुरु

कैथल में इंसानियत शर्मसार ! 7-8 महीने का भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी, पुलिस ने जांच की शुरु

हरियाणा के कैथल जिले के गांव दुबल में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक तालाब में 7-8 महीने का लड़की का भ्रूण बरामद हुआ। ग्रामीणों ने पानी में तैरती संदिग्ध वस्तु देखी तो पास जाकर जांच की। करीब से देखने पर मामला गंभीर लगा और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद कलायत थाना की टीम मौके पर पहुंची। पानी में कई दिनों तक पड़े रहने के कारण भ्रूण काफी फूला हुआ था। पुलिस ने उसे बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

गले में बंधी मिली संदिग्ध वस्तु

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भ्रूण लगभग 7-8 माह का है और वह लड़की का है। उसके गले में रस्सी जैसी कोई चीज बंधी होने की बात भी सामने आई है, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज

थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि रात करीब 10 बजे सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और संबंधित एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *