कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित यूको बैंक के एटीएम को बीती रात एक युवक ने निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा सायरन बजने के कारण उसकी कोशिश नाकाम हो गई और वह मौके से भाग गया। पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में लगी है।
औजार की मदद से लॉक तोड़ने का प्रयास
जानकारी के मुताबिक रात करीब 10 बजे एक युवक मुख्य बाजार में बने यूको बैंक के एटीएम के पास पहुंचा। कुछ देर तक आसपास नजर रखने के बाद उसने एटीएम का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि युवक किसी औजार की मदद से लॉक तोड़ने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान अचानक एटीएम का सुरक्षा सायरन बज उठा। सायरन की तेज आवाज सुनते ही युवक घबरा गया और तुरंत वहां से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने एटीएम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक एटीएम के आसपास घूमता और अंदर-बाहर आता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब उसी के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।


