हरियाणा के रेवाड़ी जिले में पंचायत की जमीन को लेकर चल रहा विवाद अचानक उस वक्त गंभीर हो गया, जब समतलीकरण के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी डेढ़ साल की पोती को जेसीबी मशीन के सामने डाल दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल दिखाई देता है।
काम रुकवाने के लिए JCB के आगे फेंकी पोती
मामला रेवाड़ी के गांव डहीना की ढाणी ठेठरबाढ़ का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार होली चौक स्थित पंचायती भूमि को समतल करने के लिए पंचायत की ओर से जेसीबी मशीन लगाई गई थी। प्रशासन पहले ही इस जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा चुका था। जैसे ही समतलीकरण का कार्य शुरू हुआ, एक व्यक्ति वहां पहुंच गया और काम रुकवाने की कोशिश करने लगा। बताया जा रहा है कि विरोध के दौरान उसने अपनी मासूम पोती को मशीन के आगे डाल दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और ग्रामीणों ने तुरंत स्थिति संभालने की कोशिश की।
अवैध कब्जे का था मामला
इस पूरे मामले को लेकर सरपंच प्रतिनिधि ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिल चुकी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, होली चौक स्थित जमीन से पुराने अवैध कब्जे हटाने के लिए राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में कार्रवाई की थी। शुरुआती विरोध के बावजूद पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।
बताया गया है कि माता मंदिर के पास स्थित इस सार्वजनिक स्थल पर लंबे समय से दो लोगों का कब्जा था, जिससे ग्रामीणों के आवागमन और पूजा-अर्चना में परेशानी हो रही थी। कई शिकायतों के बाद जांच कर कार्रवाई का निर्णय लिया गया। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया सावधानी और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए पूरी की गई।
फिलहाल पुलिस वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।


