
हिसार के न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन इलाके से 9 जनवरी को घर से निकला 21 वर्षीय शिवकुमार शनिवार शाम मृत अवस्था में मिला। उसका शव सातरोड सब ब्रांच में डाबड़ा रोड नहर पुल के पास पानी के अंदर पाया गया। शव के पैर बाइक से रस्सी के जरिए बंधे हुए थे, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
परिवार के अनुसार, शिवकुमार अपनी बुआ संतोष देवी के साथ रह रहा था। संतोष देवी ने पुलिस को बताया कि शिवकुमार पिछले सात वर्षों से उनके पास ही रह रहा था। 9 जनवरी की शाम वह कुछ सामान लेने की बात कहकर बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। खास बात यह रही कि वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो अर्बन एस्टेट थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
शनिवार को बालसमंद सब ब्रांच क्षेत्र में डाबड़ा रोड नहर पुल के पास एक युवक का शव दिखने की सूचना पुलिस को मिली। बताया जा रहा है कि नहर का जलस्तर कम होने के बाद स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पाया कि युवक का शव पानी में बाइक के साथ रस्सी से बंधा हुआ था। काफी प्रयासों के बाद शव और बाइक को बाहर निकाला गया। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया, जबकि बाइक को थाने में सुरक्षित रखा गया है।
जांच अधिकारी एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

