पंचकूला नगर निगम से जुड़े कथित फ्रॉड मामले में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। महिला आरोपी स्वाति तोमर ने एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) मुख्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इस दौरान उनके साथ उनके वकील नीरज भी मौजूद रहे।
स्वाति तोमर के बैंक खाते में करीब 30 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ
जांच में सामने आया है कि स्वाति तोमर के बैंक खाते में करीब 30 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर एसीबी की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
स्वाति तोमर के वकील का कहना है कि उन्हें एक प्रोजेक्ट में सब-कॉन्ट्रैक्टर बनाने का झांसा दिया गया था। इसी बहाने उनसे कुछ जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए और बाद में बैंक से जुड़े चेक भी साइन करवा लिए गए। वकील के अनुसार, खाते में आई बड़ी रकम कुछ ही समय में ट्रांसफर हो गई, जिसकी जानकारी स्वाति तोमर को नहीं थी।
स्वाति तोमर पहले एक टीचर रह चुकी हैं
बताया जा रहा है कि स्वाति तोमर पहले एक टीचर रह चुकी हैं। इस मामले में यह अब तक की पांचवीं गिरफ्तारी है। इससे पहले नगर निगम के पूर्व अकाउंट अधिकारी विकास कौशिक को भी हिरासत में लिया जा चुका है। वहीं, एक निजी व्यक्ति रजत और बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर दिलीप राघव को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
फिलहाल एसीबी पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


