Trending News
Home » Blog » फतेहपुर में दिल दहला देने वाला हादसा, एक ही घर से उठीं सास और तीन बहुओं की अर्थियां

फतेहपुर में दिल दहला देने वाला हादसा, एक ही घर से उठीं सास और तीन बहुओं की अर्थियां

फतेहपुर कस्बे के रघुनाथपुरा मोहल्ले में शुक्रवार सुबह ऐसा हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। तड़के एक के बाद एक चार शवों की अर्थियां तैयार की गईं। एक ही परिवार की सास और तीन बहुओं की असमय मौत से न सिर्फ घर, बल्कि पूरी कॉलोनी में सन्नाटा छा गया। हर आंख नम थी और चूल्हे तक नहीं जले।

तीन दिन पहले सदर थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में सात महिलाओं की जान चली गई थी। इनमें से पांच महिलाओं का अंतिम संस्कार शुक्रवार को एक ही मोक्षधाम में किया गया। इनमें चार महिलाएं एक ही परिवार की थीं।

एक साथ उठी सास और तीन बहुओं की अर्थी
जानकारी के अनुसार मोहनी देवी के पांच बेटे और चार बेटियां हैं। उनके सभी बेटे संयुक्त परिवार में रहते थे। हादसे में मोहनी देवी के साथ उनकी तीन बहुएं—बरखा देवी, तुलसी देवी और चंदा देवी—की भी मृत्यु हो गई। शुक्रवार सुबह चारों की अर्थियां एक साथ उठीं, जिसे देख हर किसी का कलेजा भर आया।

बरखा देवी और तुलसी देवी सगी बहनें थीं और दोनों की शादी 25 मार्च 2002 को नवलगढ़ में एक ही दिन हुई थी। बरखा देवी के एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जबकि तुलसी देवी के एक पुत्र और एक पुत्री है।

अंतिम दर्शन पर फूट पड़ा दर्द
सुबह से ही घर पर पीहर पक्ष, रिश्तेदार और आसपास के लोग जुटने लगे थे। जब परिजनों को अंतिम बार मृतकों के चेहरे दिखाए गए, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति अपने आंसू नहीं रोक सका। गमगीन माहौल में लोग एक-दूसरे को ढांढस बंधाते नजर आए।

मोहनी देवी, बरखा देवी, तुलसी देवी और आशा देवी का अंतिम संस्कार एक ही मोक्षधाम में किया गया, जबकि उनकी रिश्तेदार चंदा देवी का अंतिम संस्कार फतेहपुर के दूसरे मोक्षधाम में हुआ।

विदेश में थे दो बेटे, इंतजार के बाद हुआ संस्कार
मोहनी देवी के दो बेटे सऊदी अरब में काम करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही उन्हें भारत बुलाया गया। एक बेटा पहले ही लौट आया था, जबकि दूसरे के आने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। दोनों बेटों की पत्नियां भी इस हादसे में जान गंवा चुकी थीं।

श्मशान घाट पर जब चारों चिताएं एक साथ जलीं और मुखाग्नि दी गई, तो वहां मौजूद लोग अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख पाए। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों के बीच यह चर्चा भी सुनाई दी कि परिवार के सभी सदस्यों को एक साथ यात्रा करने से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *