शाहाबाद और मोहड़ी रेलवे स्टेशनों के बीच एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरने के बाद एक युवक की मौत हो गई। युवक का शव दोनों ट्रैकों के बीच पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलने पर सुबह Government Railway Police (GRP) ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
टीटीई को देखकर घबरा गया था मृतक
पुलिस के अनुसार घटना देर रात करीब 1 बजे की है। ट्रेन अंबाला की ओर जा रही थी। आशंका है कि युवक बिना टिकट सफर कर रहा था और टीटीई को देखकर घबरा गया। इसी दौरान ट्रेन से उतरने की कोशिश में उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर पड़ा। सुबह करीब 6 बजे रेलवे कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी मिली।
GRP का कहना है कि फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन वह बिहार क्षेत्र का रहने वाला प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र लगभग 25 साल बताई जा रही है। ASI विकास कुमार ने बताया कि युवक ने पीली पैंट, नीली बनियान, हल्की नीली शर्ट पहन रखी थी, ऊपर से मटमैले रंग की जर्सी और लाल-हरी बेल्ट भी थी। उसकी जेब से कोई टिकट बरामद नहीं हुआ।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक के सिर के पीछे गंभीर चोट लगी थी, जो आमतौर पर ट्रेन से गिरने की स्थिति में होती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।


