Desk: शादी की खुशियां उस समय शोक में बदल गईं जब मेहंदी समारोह के दौरान नाच रहे एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। मामला ग्राम ओझरा का है, जहां अपने भांजे के विवाह में शामिल होने पहुंचे घनश्याम यादव का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बड़वानी जिले के पिपलुद गांव निवासी घनश्याम यादव परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। मंगलवार रात मेहंदी के कार्यक्रम में परिवार और रिश्तेदार संगीत पर थिरक रहे थे। इसी दौरान घनश्याम यादव अपनी पत्नी के साथ एक फिल्मी गीत पर डांस कर रहे थे।
नृत्य करते हुए वे अचानक मंच पर गिर पड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नृत्य करते हुए वे अचानक मंच पर गिर पड़े। शुरुआत में मौजूद लोगों को लगा कि यह कार्यक्रम का हिस्सा है, लेकिन कुछ क्षण बाद भी जब वे नहीं उठे तो परिजन घबरा गए। तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात को मौत का कारण बताया है।
इस अप्रत्याशित घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और जश्न का माहौल मातम में बदल गया। परिवार और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।


