Trending News
Home » Blog » रोहतक में IPS अधिकारी के पिता ने लाइसेंसी पिस्टल से की आत्महत्या, अनाज मंडी में मचा हड़कंप

रोहतक में IPS अधिकारी के पिता ने लाइसेंसी पिस्टल से की आत्महत्या, अनाज मंडी में मचा हड़कंप

हरियाणा के रोहतक जिले में शुक्रवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जब डीएएन आईपीएस अधिकारी राहुल बल्हारा के पिता जयपाल ने खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। यह घटना शहर की अनाज मंडी में उस समय हुई, जब जयपाल अपनी दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयपाल ने अचानक अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और सिर पर गोली चला ली। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और उन्हें खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा पाया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और जयपाल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में रखवाया गया। साथ ही एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल को भी जब्त कर लिया गया है।

बताया जा रहा है कि जयपाल के बेटे राहुल बल्हारा करीब दो साल पहले आईपीएस बने थे और फिलहाल दमन-दीव में डीएएन आईपीएस के पद पर तैनात हैं। पुलिस ने उन्हें इस घटना की जानकारी दे दी है।

परिजनों और जानकारों के मुताबिक, जयपाल का परिवार आर्थिक रूप से संपन्न था। उनके तीन बेटियां और एक बेटा है। मंडी के आढ़तियों ने बताया कि जयपाल के बड़े भाई महिपाल, जिन्हें लोग ‘फौजी’ के नाम से जानते हैं, भी सम्मानित व्यक्ति हैं। ऐसे में जयपाल द्वारा उठाए गए इस कदम से हर कोई स्तब्ध है।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच में जुटी है। शिवाजी कॉलोनी थाना के एचएसओ राकेश सैनी ने बताया कि अभी तक सुसाइड के कारणों को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *