पंजाब के दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्पेशल सेल ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह एक कुख्यात गैंग से जुड़ी हुई थी और ड्रग्स तथा अवैध हथियारों के नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रही थी।
मुख्य शूटर बॉबी कबूतर के नजदीकी सहयोगी।
सूत्रों के अनुसार नेहा को गैंग के मुख्य शूटर बॉबी कबूतर के नजदीकी सहयोगी के तौर पर जाना जाता है। बॉबी कबूतर पर अवैध हथियारों की आपूर्ति और कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। वह लंबे समय से फरार था, लेकिन हाल ही में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजेंसियां उसकी भूमिका की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। बताया जा रहा है कि वह मूसेवाला हत्याकांड में रेकी करने में शामिल था।
‘मैडम जहर’ के नाम से चर्चित महिला।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ‘मैडम जहर’ के नाम से चर्चित महिला का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जा रहा है। पुलिस को शक है कि अवैध हथियारों की सप्लाई एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के माध्यम से की जा रही थी। इस सिलसिले में कुख्यात हथियार तस्कर सलीम उर्फ ‘पिस्टल’ का नाम भी सामने आया है, जिसे हाल ही में नेपाल-भारत सीमा से गिरफ्तार किया गया था।
नेहा की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान अहम जानकारियां मिल रही हैं और आगे और खुलासे संभव हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात में किया जाना था या नहीं।


