
गुरुग्राम के सेक्टर-48 में शनिवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक 17 वर्षीय छात्र ने अपने ही स्कूल में पढ़ने वाले साथी पर गोली चला दी। गोली लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और कार्रवाई शुरू की। थोड़ी ही देर में पुलिस ने दो नाबालिग छात्रों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक पिस्टल, दो मैगज़ीन और लगभग 70 जिंदा कारतूस मिले। घटनास्थल से एक खाली खोल भी बरामद किया गया।

जांच में पता चला है कि गोली चलाने वाला लड़का एक प्रॉपर्टी डीलर का बेटा है। पिस्टल उसके पिता की लाइसेंस पर जारी हथियार है, जिसे आरोपी ने घर से निकालकर इस घटना में उपयोग किया।
पीड़ित छात्र की माँ ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा 11वीं में पढ़ता है। शनिवार को उसी के स्कूल का एक लड़का उसे मिलने के लिए घर आया और साथ चलने का दबाव बनाया। पहले लड़के ने मना कर दिया, लेकिन बार-बार आग्रह के बाद वह खेड़की दौला टोल तक उसके साथ गया, वहीं से आरोपी उसे अपने घर सेक्टर-48 ले गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि करीब दो महीने पहले दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, और उसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि घायल छात्र की हालत फिलहाल गंभीर है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।










