हरियाणा के नूंह जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मिठाई खाना 8 मासूम बच्चों पर भारी पड़ गया। शनिवार सुबह नगीना थाना क्षेत्र के गांव गंडूरी में चमचम मिठाई खाने के बाद बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, असलम नाम का व्यक्ति शुक्रवार रात बड़कली चौक स्थित एक मिष्ठान भंडार से मिठाई लेकर घर आया था। उस समय बच्चे सो रहे थे। सुबह जब बच्चे उठे तो उनकी मां रजीना ने उन्हें मिठाई खिला दी। मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी और उनके मुंह से झाग निकलने लगा।
5 बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज नलहड़ में भर्ती कराया गया
घबराए परिजनों ने तुरंत सभी बच्चों को जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद 5 बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बीमार बच्चों में सोफेद (16), अजूबा (15), सोफिया (10), सनोफिया (8), समर और सनम (4), समरीन (2) और रूहान (5) शामिल हैं। दो बच्चों की हालत में सुधार बताया जा रहा है, जबकि बाकी बच्चों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। खासकर समर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामले में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन नगीना थाना पुलिस ने घटना को संज्ञान में लेकर जांच शुरू करने की बात कही है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी बच्चों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।


