झज्जर जिले के बादली थाना क्षेत्र के गांव पाहसौर के निकट एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के निर्देश पर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की और जांच के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इस प्रकरण में त्रिकोण पार्क, हांसी निवासी अक्षय (पुत्र कृष्ण) की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी बहन महक की शादी 25 सितंबर 2025 को सेक्टर-33, हिसार निवासी अंशुल धवन (पुत्र रमेश धवन) से हुई थी। महक गुरुग्राम में स्थित HDFC Bank में कार्यरत थी, जबकि अंशुल चार्टर्ड अकाउंटेंट के तौर पर नौकरी करता था।
परिवार ने जताई थी हत्या की आशंका
परिवार के मुताबिक 14 फरवरी को दंपति हिसार में थे और रविवार शाम करीब 7 बजे कार से गुरुग्राम के लिए निकले। रात लगभग 10 बजे अंशुल के पिता रमेश धवन ने फोन कर हादसे की सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो महक का शव पड़ा मिला, जिस पर तेजधार हथियार से वार के गहरे निशान थे। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया।

शिकायत में यह भी कहा गया कि अंशुल का अपनी पत्नी के साथ पहले से विवाद रहता था और वह उसके चरित्र पर संदेह करता था। आशंका जताई गई कि इसी कारण उसने वारदात को अंजाम दिया और बाद में इसे लूट की घटना दर्शाने की कोशिश की।
पुलिस को बताई गई कहानी संदिग्ध लगी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में ही कथित हादसे की कहानी संदिग्ध लगी। वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों में विरोधाभास सामने आए। कड़ाई से पूछताछ करने पर सच्चाई उजागर हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


