Trending News
Home » Blog » “मैं अकेला नहीं, साहब भी हैं”: 5 लाख के साथ गिरफ्तार BDPO ने रिश्वतकांड में खोला बड़े अधिकारियों का राज

“मैं अकेला नहीं, साहब भी हैं”: 5 लाख के साथ गिरफ्तार BDPO ने रिश्वतकांड में खोला बड़े अधिकारियों का राज

हरियाणा के कैथल जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गुहला क्षेत्र के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (BDPO) जगजीत सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया है। बताया जा रहा है कि अधिकारी को 5 लाख रुपये की घूस लेते समय गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई गांव बदसूई के निवासी संदीप सिंह की शिकायत के आधार पर की गई।

जानकारी के मुताबिक, मामला एक पुराने विवाद से जुड़ा है, जिसमें वर्ष 2000 में एसडीएम कोर्ट के फैसले के खिलाफ सिविल कोर्ट और कमिश्नर कोर्ट से स्टे आदेश जारी हो चुका था। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी द्वारा शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने के लिए लगातार नोटिस भेजे जा रहे थे। इतना ही नहीं, स्टे के बावजूद मकान गिराने के आदेश देने की बात भी सामने आई है।

शिकायतकर्ता संदीप सिंह का दावा है कि उनके पास बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें अधिकारी कथित तौर पर यह कहते सुनाई देते हैं कि इस मामले में वे अकेले नहीं हैं और अन्य अधिकारी भी इसमें शामिल हैं। इस बयान के बाद मामले में और भी अधिकारियों की संलिप्तता को लेकर संदेह जताया जा रहा है। बहरहाल इस मामले में जनता हलचल पुष्टि नहीं करता कि मामले में कितनी सत्यता है लेकिन, जब इस पूरे मामले पर गुहला के एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

ACB के जांच अधिकारी सूबे सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपों की पुष्टि के लिए टीम गठित की गई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। फिलहाल एजेंसी पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *