उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के सर्फाबाद गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की हत्या उसके बेटे के कथित समलैंगिक रिश्ते का विरोध करने पर कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद शफीक उर्फ जावेद (45) के रूप में हुई है। उसे टिवोली फार्म हाउस के पास से पकड़ा गया। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और महिला का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
संपर्क में बने रहने के लिए अपनी मौसी की बेटी की शादी उससे कराना चाहता था
जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बेटे के बीच कथित तौर पर समलैंगिक संबंध थे, जिसे लेकर परिवार में तनाव बना रहता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मृतका के बेटे के संपर्क में बने रहने के लिए अपनी मौसी की बेटी की शादी उससे कराना चाहता था, लेकिन महिला इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थी।
पुलिस के मुताबिक, 15 अप्रैल को आरोपी इसी मुद्दे पर बातचीत करने के लिए महिला के घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपी ने महिला की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


