हरियाणा के पलवल शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले एक व्यक्ति और उसके साथियों पर एक आइसक्रीम विक्रेता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें आरोपी युवक अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को बुरी तरह पीटते दिखाई दे रहे हैं।
आइसक्रीम के पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब आइसक्रीम बेचने वाले युवक ने अपने पैसे मांगे। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले आइसक्रीम ली, लेकिन भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
पीड़ित सोनू, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पलवल के नहर पार इलाके में रहता है, रोजाना साइकिल से गांव-गांव जाकर आइसक्रीम बेचता है। उसने बताया कि गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह अलीगढ़ रोड पर बसंतगढ़ के पास पहुंचा था, तभी एक ईको गाड़ी में सवार कुछ युवक वहां आए और उससे महंगी आइसक्रीम मांगी।
अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
सोनू के मुताबिक, उसने सभी को आइसक्रीम दे दी, लेकिन जब उसने पैसे मांगे तो एक युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक बंदूक की बट से वार कर रहा है, जबकि अन्य लोग लात-घूंसों से मारपीट कर रहे हैं।
हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि भीड़ जुटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


