Trending News
Home » Blog » बारात में हुड़दंग पड़ा भारी! दूल्हा समेत कई पर केस, 5 गिरफ्तार, थार-ऑडी समेत 6 गाड़ियां जब्त

बारात में हुड़दंग पड़ा भारी! दूल्हा समेत कई पर केस, 5 गिरफ्तार, थार-ऑडी समेत 6 गाड़ियां जब्त

नूंह जिले में शादी-बारात के दौरान सड़कों पर हुड़दंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी के तहत सदर तावडू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे सोहेल (निवासी निजामपुर) और उसके पिता समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही पांच वाहन चालकों को गिरफ्तार कर थार, ऑडी, फ्रॉन्क्स और वरना समेत कुल छह गाड़ियों को जब्त किया गया है।

गाड़ियों की छत पर चढ़ कर दिखा रहे थे स्टंट

पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल को निजामपुर से निकली यह बारात फिरोजपुर नमक गई थी। वापसी के दौरान कुछ युवक गाड़ियों की छतों पर चढ़कर, खिड़कियों से लटककर और तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चलाते नजर आए। इन हरकतों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इतना ही नहीं, धारूहेड़ा-सोहना रोड (NH-919) पर गाड़ियों को बीच सड़क में रोककर जाम भी लगाया गया और तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर लोगों को परेशान किया गया।

दूल्हे समेत 5 को किया गिरफ्तार, छः गाड़ियां जब्त

वीडियो के आधार पर की गई जांच में सामने आया कि कई वाहन चालक अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते हुए खतरनाक तरीके से गाड़ी चला रहे थे। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पांच आरोपियों—तस्लीम, शाहरुख, राशिद और दो साजिद—को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से छह गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। इन वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वाई.वी.आर. शशि शेखर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन पहले ही शादी-बारात में स्टंट और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती के निर्देश दे चुके थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की लापरवाही और हुड़दंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से निगरानी जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी समारोह को जिम्मेदारी के साथ मनाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी की जान खतरे में न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *