सफीदों। सदर थाना पुलिस ने रत्ता खेड़ा गांव स्थित मन्नत लाइफ केयर अस्पताल के चिकित्सक दीक्षांत और डॉ. मंजू के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि दोनों के पास होम्योपैथी चिकित्सा की मान्य डिग्री नहीं होने के बावजूद मरीजों का इलाज किया जा रहा था।
हरियाणा होम्योपैथी काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. वैभव बिदानी की शिकायत पर विभागीय टीम ने अस्पताल में जांच की। इस दौरान अस्पताल संचालक दीक्षांत मरीजों का इलाज करते हुए मिला, जबकि डॉ. मंजू मौके पर मौजूद नहीं थी।
जांच के दौरान अस्पताल से होम्योपैथिक दवाएं बरामद हुईं। अधिकारियों के मुताबिक दोनों चिकित्सकों की डिग्री और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई, जो मान्य नहीं पाए गए। अस्पताल से 61 ऐसी दवाएं भी मिलीं, जिनके लेबल सही नहीं थे। विभाग ने दवाओं और संबंधित दस्तावेजों को जांच के दायरे में लिया है।
यह खबर भी जरूर पढे- विदेश भेजने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी, सफीदों सदर थाने में FIR दर्ज
100% इलाज की गारंटी का भी आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मन्नत लाइफ केयर के नाम से संचालित सोशल मीडिया पेजों पर मिर्गी, महिलाओं की अंदरूनी बीमारियों और नर्वस सिस्टम से जुड़ी समस्याओं का 100 प्रतिशत गारंटी के साथ इलाज करने का दावा किया जाता था।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि दोनों चिकित्सकों को नामजद कर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप पुलिस शिकायत और जांच के आधार पर हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।


