Trending News
Home » Blog » दिल्ली में नकली कैंसर दवाओं का बड़ा खेल, 1 लाख के इंजेक्शन में मिला सिर्फ पानी

दिल्ली में नकली कैंसर दवाओं का बड़ा खेल, 1 लाख के इंजेक्शन में मिला सिर्फ पानी

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने कैंसर की महंगी दवाओं की कथित कालाबाजारी और नकली दवाओं के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के मुताबिक, मरीजों को करीब 1 लाख रुपये में बेचे जा रहे एवालुमैब इंजेक्शन में कैंसर से लड़ने वाला मूल इंग्रीडिएंट बिल्कुल नहीं मिला। जांच में सामने आया कि इंजेक्शन में सिर्फ पानी था।

जर्मनी की लैब में जांच से हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, दवा बनाने वाली कंपनी के जरिए जर्मनी की मर्क लैब में एवालुमैब इंजेक्शन की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में कैंसर के इलाज के लिए जरूरी मूल इंग्रीडिएंट की मात्रा शून्य पाई गई। इससे नकली दवा के इस्तेमाल और मरीजों की जान से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया।

9 करोड़ रुपये के रैकेट का दावा

क्राइम ब्रांच ने 20 अगस्त को सात राज्यों में फैले करीब 9 करोड़ रुपये के कथित रैकेट का खुलासा किया। मामले में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 588 भरे हुए एंटी-कैंसर वायल, 6 खाली वायल, 7 खाली दवा के बॉक्स, दूसरी दवाओं की 3,021 यूनिट और करीब 50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

बरामद दवाओं में डार्जालेक्स, इमफिंजी, एरबिटक्स, ऑपडाइटा, गाजीवा, बावेन्सियो, एडसेट्रिस और कीट्रूडा जैसी महंगी कैंसर की दवाएं शामिल हैं।

यह खबर भी देखें – सफीदों में कथित फर्जी होम्योपैथी प्रैक्टिस पर FIR, दो चिकित्सक नामजद

राजस्थान की सरकारी योजना की दवाओं की भी कालाबाजारी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, राजस्थान सरकार की योजना के तहत कैंसर मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं को भी कथित तौर पर कालाबाजारी के जरिए बेचा गया।

दिल्ली-NCR से मुंबई और हैदराबाद तक नेटवर्क

जांच में इस कथित नेटवर्क के तार दिल्ली-NCR, मुंबई, हैदराबाद, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य इलाकों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस को 22 जून को गिरोह के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पूर्वी दिल्ली, रोहिणी और मुंबई में संदिग्ध ठिकानों की पहचान की गई।

11 जुलाई को ड्रग्स विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ सात टीमों ने दिल्ली और नवी मुंबई में एक साथ छापेमारी की। पूछताछ और तलाशी के बाद पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

हरियाणा के कई शहरों से भी जुड़े आरोपी

पुलिस के अनुसार, नेटवर्क में दिल्ली के अलावा नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, झज्जर, फरीदाबाद और मुंबई-हैदराबाद के लोग शामिल हैं।

  • नोएडा के आनंद कुमार के पास से 337 एंटी-कैंसर वायल बरामद हुए।
  • फरीदाबाद के दीपक उर्फ रवि के पास से 108 वायल और 6.5 लाख रुपये मिले।
  • गुरुग्राम के मयंक गर्ग के पास से 55 वायल बरामद किए गए।

इस मामले में 12 जुलाई को क्राइम ब्रांच थाने में FIR दर्ज की गई। पुलिस अब दवाओं की सप्लाई, खरीद-फरोख्त और पैसों के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *