सफीदों (जींद)। हरियाणा के जींद जिले के सफीदों स्थित सरकारी नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में GNM प्रथम वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान झज्जर जिले के गांव कुजियां निवासी शिवानी के रूप में हुई है। छात्रा की मौत की सूचना परिजनों को कॉलेज की टीचर ने फोन करके दी थी। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो बेटी मृत अवस्था में मिली।
परिजनों के अनुसार, 18 नवंबर की रात कॉलेज की ओर से फोन आया कि शिवानी की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद परिवार के लोगों ने सफीदों के पास रहने वाले अपने रिश्तेदार को अस्पताल पहुंचने के लिए कहा। कुछ समय बाद पुलिस की ओर से भी परिजनों को जल्द अस्पताल पहुंचने की सूचना दी गई। जब पिता अशोक कुमार अस्पताल पहुंचे तो वहां उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी।
सुसाइड नोट में इंस्टाग्राम फ्रेंड पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
पुलिस ने परिजनों को छात्रा के कमरे से मिला एक कथित सुसाइड नोट सौंपा। परिवार के मुताबिक, नोट में शिवानी ने अपने एक इंस्टाग्राम फ्रेंड पर निजी चैट के स्क्रीनशॉट अपने पास रखने और इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड हासिल करने का आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप है कि युवक इन स्क्रीनशॉट के जरिए छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था। इसके अलावा सुसाइड नोट में नीतू मीणा नाम की एक युवती का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि वह छात्रा को अपनी बातों में उलझाकर मानसिक तनाव दे रही थी।
नोट में शिवानी ने कथित तौर पर लिखा कि वह इन परिस्थितियों से लड़ते-लड़ते थक चुकी थी और अब उसमें और हिम्मत नहीं बची थी। हालांकि, सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है।
राजस्थान के युवक और युवती के खिलाफ मामला दर्ज
मृतका के पिता अशोक कुमार की शिकायत और कथित सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने राजस्थान निवासी एक युवक और एक युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा को किस प्रकार परेशान और ब्लैकमेल किया जा रहा था।
पुलिस बोली- सुसाइड नोट कब्जे में लेकर जांच शुरू की
सदर थाना प्रभारी सतीश के अनुसार, छात्रा द्वारा हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाने की सूचना मिली थी। मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पिता की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही छात्रा की मौत से जुड़े घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
जनता हलचल | सफीदों, जींद


