कुरुक्षेत्र स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) में चल रहे विवादों के बीच बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। संस्थान के डायरेक्टर प्रो. बीवी रमना रेड्डी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। फिलहाल उनकी जगह कार्यकारी निदेशक को जिम्मेदारी सौंप दी गई है, जिसकी पुष्टि संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर भी की गई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब एक दिन पहले ही जॉइंट रजिस्ट्रार ज्ञान रंजन सामंत्रे को निलंबित किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की टीम के हालिया दौरे के बाद यह कार्रवाई की गई है और आने वाले दिनों में अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
दो महीने मे 4 छात्रों ने की आत्महत्या
दरअसल, पिछले करीब दो महीनों के दौरान संस्थान में चार छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं ने माहौल को बेहद गंभीर बना दिया था। 16 फरवरी को तेलंगाना के 19 वर्षीय छात्र अंगोद शिवा, 31 मार्च को नूंह के पवन कुमार, 9 अप्रैल को सिरसा के प्रियांशु वर्मा और 16 अप्रैल को बिहार की छात्रा दीक्षा दुबे की अलग-अलग मामलों में मौत हुई थी। इन घटनाओं के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई और कैंपस में विरोध प्रदर्शन भी हुए।
छात्रों ने प्रशासन और कुछ शिक्षकों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसके जवाब में संस्थान ने जांच के लिए एक समिति गठित करने और जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिया। वहीं, हॉस्टल खाली कराने और छुट्टियां घोषित करने के फैसले को लेकर भी विवाद हुआ, जिस पर छात्रों ने विरोध दर्ज कराया था।


