गुरुग्राम के सेक्टर-53 थाना क्षेत्र में बंजारा मार्केट के पास झुग्गियों में हुए युवक की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान अमन के रूप में हुई है, जिसकी 25 अप्रैल की सुबह गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को लोहे के संदूक में छुपा दिया था। अगले दिन 26 अप्रैल को संदूक से बदबू आने पर इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ।
अमन को लग चुकी थी सोनू और सुनीत के संबंध की भनक
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोनू कुमार और मोहम्मद मिराज, दोनों बिहार के रहने वाले हैं और मृतक के साथ ही झुग्गी में रहते थे। शुरुआती जांच के अनुसार, अमन को सोनू और सुनीता के बीच चल रहे संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिससे विवाद बढ़ गया था।
चाय पीने के बाद वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह चारों ने साथ में चाय पी थी। इसके बाद सुनीता काम पर चली गई। तभी आरोपियों ने मौका पाकर अमन का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने का मौका न मिलने पर उन्होंने उसे संदूक में छुपा दिया।
जब सुनीता वापस लौटी और अमन के बारे में पूछा, तो आरोपियों ने उसे गुमराह करते हुए बताया कि वह बाहर गया है। हालांकि अगले दिन संदूक से बदबू आने पर हत्या का खुलासा हो गया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची।
अवैध संबंध बनी हत्या की वजह
जांच में यह भी सामने आया है कि अमन और सुनीता पिछले करीब एक साल से साथ रह रहे थे। इसी दौरान सोनू और मिराज भी उनके साथ रहने लगे थे। अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। वहीं, सुनीता की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

